ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

बच्चा चोरी के शक में एक महिला के साथ भीड़ द्वारा बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है।

घटना  उधम सिंह नगर जिले के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के ठाकुर नगर की है, जहां लोगों ने महिला को पकड़कर बिजली के पोल से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी मौके पर मौजूद लोगों ने बना लिया, जो अब चर्चा का विषय बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 11 बजे ठाकुर नगर के मैदान में कुछ बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और बच्चों को अपने साथ चलने के लिए कहने लगी। महिला की इस हरकत से बच्चों के परिजन और आसपास के लोग सतर्क हो गए और उन्होंने उस पर बच्चा चोरी का शक जताया।

भीड़ ने कानून हाथ में लिया

देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। भीड़ ने महिला को पकड़ लिया और बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद कई लोगों ने उसे थप्पड़, लात-घूंसों से पीटना शुरू कर दिया। हालात इतने बिगड़ गए कि कुछ स्थानीय महिलाएं भी आक्रोश में आ गईं और उन्होंने भी महिला के साथ मारपीट की।

पुलिस के सामने भी जारी रही मारपीट

घटना की सूचना मिलने पर ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसएसआई महेश कांडपाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने के बाद भी कुछ महिलाएं महिला को थप्पड़ मारती रहीं। पुलिसकर्मियों ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया और महिला को भीड़ से छुड़ाया।

पूछताछ में सामने आई सच्चाई

पुलिस महिला को थाने ले गई, जहां पूछताछ के दौरान उसकी मानसिक स्थिति असामान्य पाई गई। बताया गया कि वह खुद से बातें कर रही थी और सवालों का सही जवाब नहीं दे पा रही थी।

सीओ सिटी प्रशांत कुमार के अनुसार, महिला की मानसिक स्थिति सामान्य नहीं लग रही है। उन्होंने बताया कि यह महिला पहले भी थाने में हंगामा कर चुकी है और एक बार उसने दीवार पर सिर मारना शुरू कर दिया था, जिससे पुलिस को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था।

जांच जारी, पुलिस की अपील

पुलिस ने महिला की स्थिति को देखते हुए उसे फिलहाल छोड़ दिया है और उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध स्थिति में कानून को हाथ में न लें और तुरंत पुलिस को सूचना दें।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में दर्दनाक हादसा: भूमियाधार के पास कार गहरी खाई में गिरी, दो की मौत, दो गंभीर घायल

You missed

error: Content is protected !!