ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिला लेफ्टिनेंट कर्नल का बेटा

आम्रपाली विवि में एमबीए द्वितीय वर्ष में पढ़ता था गिरजा विहार निवासी छात्र

हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र के गिरजा विहार फेस-6 में मंगलवार को एक 22 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटका मिला। मृतक की पहचान दिनेश माहरा के रूप में हुई है, जो असम राइफल्स में तैनात लेफ्टिनेंट कर्नल गंगा सिंह माहरा का बेटा था।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दिनेश को तत्काल सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, दिनेश घर के प्रथम तल पर कमरे के पास रखे एक ड्रम से बंधी रस्सी के फंदे से लटका हुआ था। उसकी बाईं कलाई पर नस काटने के निशान भी पाए गए, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया है।

घटना के समय दिनेश की मां घर पर ही थीं। बेटे को फंदे पर लटका देख वह बेसुध हो गईं। पुलिस ने परिजनों को संभालते हुए शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीओ अमित कुमार ने बताया कि दिनेश आम्रपाली यूनिवर्सिटी में एमबीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। सोमवार रात करीब नौ बजे उसकी मां ने उसे फोन कर खाना खाने के लिए नीचे बुलाया था। खाना खाने के बाद वह फिर अपने कमरे में चला गया था।

पुलिस को प्रारंभ में दिनेश का मोबाइल फोन नहीं मिला, लेकिन बाद में गहन तलाशी के दौरान फोन बरामद कर लिया गया। मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, ऐसे में पुलिस मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) खंगालने की तैयारी कर रही है।

मृतक के पिता गंगा सिंह माहरा इस समय असम के दीमापुर में तैनात हैं।

उन्हें बेटे की मौत की सूचना दे दी गई है और उनके हल्द्वानी पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।

पुलिस मामले को आत्महत्या और अन्य संभावित कारणों दोनों एंगल से जांच रही है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में 21 मार्च को राजनाथ सिंह की विशाल जनसभा, 20 हजार लोगों को करेंगे संबोधित
error: Content is protected !!