ब्रेकिंग न्यूज़

रुद्रपुर में गुरुवार देर रात एक तेज रफ्तार बेकाबू कार ने शहर की सड़कों पर जमकर तांडव मचाया।

यूपी नंबर की लाल कार ने पहले एक बाइक सवार को पीछे से टक्कर मारी और बाइक को करीब 200 मीटर तक सड़क पर घसीटते हुए ले गई।

हादसे में बाइक सवार घायल हो गया, जबकि सड़क किनारे मौजूद कई राहगीर भी कार की चपेट में आकर मामूली रूप से घायल हो गए।

घटना रात करीब 10 बजे सिविल लाइन रोड की है, जहां कार (UP-16-AM-9864) ने अचानक नियंत्रण खो दिया। टक्कर के बाद चालक कार को तेजी से नैनीताल रोड की ओर लेकर भाग निकला। इस दौरान अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

कार की इस खतरनाक हरकत को देख कुछ बाइक सवार युवकों ने उसका पीछा किया। आरोपी चालक नैनीताल रोड, आवास विकास और रविंद्रनगर रोड होते हुए किच्छा बाइपास की तरफ भागा। लेकिन मोदी मैदान के पास पहुंचते ही कार का एक टायर फट गया, जिससे कार रुक गई।

इसके बाद कार में सवार युवक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। पीछा कर रहे युवकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची ट्रांजिट कैंप थाना पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। कार के शीशे भी टूटे हुए पाए गए।

कोतवाल ट्रांजिट कैंप मोहन पांडे के अनुसार, कार नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  विश्वशांति की कामना के साथ नन्दा देवी महोत्सव में हुआ हवन-यज्ञ, कन्या पूजन में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.