हीरानगर क्षेत्र में दिया था वारदात को अंजाम, पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई
हल्द्वानी। शहर के हीरानगर क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में तैनात गार्ड के साथ मारपीट कर कॉपर वायर और सीसीटीवी कैमरे का एडॉप्टर लूटने के मामले में हल्द्वानी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने घटना में संलिप्त चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, बीती 6 नवंबर 2026 को चौकी हीरानगर क्षेत्रांतर्गत एक निर्माणाधीन भवन में लूटपाट की घटना हुई थी। आरोपियों ने भवन में तैनात गार्ड के साथ मारपीट की और बिजली के कॉपर वायर तथा सीसीटीवी कैमरे के एडॉप्टर को जबरन लूटकर फरार हो गए थे। घटना के बाद भवन स्वामी की ओर से डॉ. अरुण जोशी, निवासी चिकित्सक आवास, एसटीएच चिकित्सालय हल्द्वानी ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 383/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक संजीत राठौर को सौंपी गई थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबंस सिंह तथा क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी लव शर्मा के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर सुरागरसी और पतारसी करते हुए संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए गए। पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना में शामिल चार आरोपियों की पहचान हुई, जिसके बाद पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में आदेश कुमार पुत्र प्रेम पाल (30 वर्ष), विकास कश्यप पुत्र प्रेम पाल (24 वर्ष), शिवम कश्यप पुत्र हेमराज कश्यप (23 वर्ष) और कमल घोष उर्फ बिल्लू सांडा पुत्र सपन घोष (20 वर्ष) शामिल हैं। सभी आरोपी राजपुरा क्षेत्र के वार्ड संख्या 13, थाना हल्द्वानी के निवासी हैं।
दो डिब्बे कॉपर वायर और छह किलो जली हुई तार बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पॉलीकैब कंपनी के कॉपर वायर के दो डिब्बे बरामद किए हैं। इनमें 4 एमएम और 2.5 एमएम के कॉपर वायर शामिल हैं। इसके अलावा करीब छह किलोग्राम जली हुई कॉपर वायर भी बरामद की गई है। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
निर्माणाधीन भवन में गार्ड के साथ मारपीट कर की गई इस वारदात का खुलासा होने से क्षेत्र में हुई लूट की घटना की जांच को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
























