धामी सरकार ने बांटे दायित्व: 14 नेताओं को विभिन्न परिषदों में उपाध्यक्ष पद, गढ़वाल-कुमाऊं का संतुलन
देहरादून। पुष्कर सिंह धामी सरकार ने मंत्रिमंडल विस्तार के बाद दायित्वों का बंटवारा तेज करते हुए प्रदेश के विभिन्न परिषदों, आयोगों और समितियों में नेताओं की नियुक्तियां कर दी हैं।
इस क्रम में 14 नेताओं को उपाध्यक्ष और अध्यक्ष पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिनमें गढ़वाल और कुमाऊं दोनों क्षेत्रों का संतुलन साधने का प्रयास किया गया है।इनमें गढ़वाल मंडल से आठ और कुमाऊं मंडल से छह नेताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
सरकार द्वारा की गई प्रमुख नियुक्तियों में नैनीताल के ध्रुव रौतेला को मीडिया सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। टिहरी के विनोद सुयाल को युवा कल्याण सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष तथा सोना सजवाण को जड़ी-बूटी सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
वहीं चंपावत के मुकेश महराना को चाय विकास सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष बनाया गया है। कुलदीप सिंह बुटोला को उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। खेम सिंह चौहान को उत्तराखंड ओबीसी आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
इसके अलावा चारु कोठारी को राज्य आंदोलनकारी सम्मान परिषद का उपाध्यक्ष, हरिप्रिया जोशी को उत्तराखंड राज्य महिला आयोग का उपाध्यक्ष और गोविंद पिलखवाल को उत्तराखंड हथकरघा एवं हस्तशिल्प विकास परिषद का उपाध्यक्ष (दर्जा राज्यमंत्री) नियुक्त किया गया है।
अन्य नियुक्तियों में प्रेम सिंह राया को जनजाति आयोग का उपाध्यक्ष तथा बलजीत सोनी को अल्पसंख्यक आयोग का उपाध्यक्ष बनाया गया है।
सरकार के इस फैसले को संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ-साथ क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। सभी नियुक्तियां कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होंगी।

