ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, झपटमार गिरोह का भी भंडाफोड़

हल्द्वानी। मुखानी क्षेत्र में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा कर दिया है। एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मुखानी पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अंतरराज्यीय चोर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से करीब 9 लाख रुपये से अधिक की ज्वैलरी और नकदी बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुंशी राम के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के सहारनपुर का निवासी है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी राजमिस्त्री का काम करते हुए घरों की रैकी करता था और फिर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई गई। पूछताछ में आरोपी ने हिमाचल प्रदेश में हुई 9 चोरी की घटनाओं को भी कबूल किया है। इस कार्रवाई पर हिमाचल पुलिस ने नैनीताल पुलिस का आभार जताया है।

वहीं, एसएसपी ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बनभूलपुरा क्षेत्र में सक्रिय एक झपटमार गिरोह का भी पर्दाफाश किया है। इस गिरोह ने महज 3 घंटे के भीतर तीन बड़ी झपटमारी की घटनाओं को अंजाम दिया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल और लूटे गए 6 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। यह गिरोह रोडवेज बस स्टैंड और बाजार क्षेत्रों में लोगों को निशाना बनाता था। बनभूलपुरा कोतवाल दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस गिरोह को पकड़ने में सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी रात के समय गैंग बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

यह भी पढ़ें :  धामी सरकार ने दायित्वों का किया विस्तार: 14 नेताओं को उपाध्यक्ष व अध्यक्ष पद, गढ़वाल-कुमाऊं का संतुलन
error: Content is protected !!