ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी में डीएम ने कराया रबी फसल का क्रॉप कटिंग प्रयोग, किसानों को बीमा कराने की सलाह

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को हल्द्वानी तहसील के ग्राम हरिपुरा तुलाराम राजस्व गांव में रबी फसल के तहत क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। यह प्रयोग प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत कराया गया।

जिलाधिकारी ने किसान नागेंद्र सिंह के खेत में 43.3 वर्ग मीटर के प्लॉट पर फसल कटाई करवाई और पूरी प्रक्रिया का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से उनकी फसलों और उत्पादन के बारे में जानकारी भी ली।

उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग के आधार पर ही जिले में फसलों की औसत उपज, उत्पादन और उत्पादकता के आंकड़े तैयार किए जाते हैं, इसलिए यह प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रॉप कटिंग कार्य निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से किया जाए, ताकि वास्तविक उत्पादन का सही आकलन हो सके। उन्होंने किसानों को फसल क्षति से बचाव के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा कराने की सलाह भी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग के जरिए प्रति हेक्टेयर उपज का सटीक आंकलन मिलता है, जो समर्थन मूल्य निर्धारण, सरकारी खरीद और विभिन्न कृषि योजनाओं के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। साथ ही, यह प्रक्रिया बीमा दावों के निपटान का भी आधार बनती है।

इस मौके पर तहसीलदार कुलदीप पाण्डे, कानूनगो बृजेश कुमार, राजस्व उप निरीक्षक अरुण वर्मा, अपर सांख्यिकी अधिकारी महेन्द्र सिंह डांगी, मीना नेगी और बीमा कंपनी के प्रतिनिधि हेम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  पुलिस दबिश बनी मौत की वजह? वृद्धा की संदिग्ध मौत पर कोतवाली घेराव, हंगामा
error: Content is protected !!