हल्द्वानी। जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल के निर्देश पर 5 अप्रैल 2026 को हल्द्वानी नगर क्षेत्र में बुक सेलर्स की जांच के लिए तीन टीमें गठित कर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया गया।
नगर मजिस्ट्रेट, उपजिलाधिकारी और तहसीलदार हल्द्वानी के नेतृत्व में गठित टीमों में शिक्षा विभाग और राज्य कर विभाग के अधिकारी भी शामिल रहे।
जांच के दौरान कालाढूंगी रोड स्थित वर्धमान बुक डिपो, पूरणमल एंड संस, करियर जोन सहित मंगलपड़ाव और अन्य क्षेत्रों के कई बुक डिपो का निरीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने दुकानों पर मौजूद अभिभावकों से फीडबैक भी लिया, जिसमें कुछ अभिभावकों ने विद्यालयों द्वारा विशेष दुकानों से किताबें खरीदने के लिए स्लिप दिए जाने की शिकायत की। इस पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कुछ विद्यालयों में प्ले ग्रुप, प्री-नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी कक्षाएं संचालित की जा रही हैं, जिनकी मान्यता और पंजीकरण की जांच के आदेश दिए गए हैं।
जांच के दौरान पाया गया कि कई विद्यालयों में NCERT द्वारा प्रकाशित पुस्तकों के अलावा अन्य महंगी किताबें भी लागू की गई हैं। इन पुस्तकों की कीमत एनसीईआरटी किताबों से अधिक पाई गई, जिस पर शिक्षा विभाग को औचित्य जांचने और संबंधित विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
टीमों ने दुकानों से एनसीईआरटी पुस्तकों के रेंडम सैंपल भी एकत्र किए, जिनके आईएसबीएन नंबर और अन्य विवरण सत्यापन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारी को भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा बुक सेलर्स के बिलों की भी जांच की गई और आगे की कार्रवाई के लिए राज्य कर विभाग को निर्देशित किया गया।
प्रशासन ने सभी बुक सेलर्स को ग्राहकों के लिए पेयजल, बैठने की व्यवस्था और शेड उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा विभाग के उस सर्कुलर को भी दुकानों पर चस्पा कराया गया, जिसमें 20 अप्रैल 2026 तक यूनिफॉर्म और पुस्तकों की अनिवार्यता में छूट देने और पढ़ाई बाधित न करने के निर्देश हैं।
निरीक्षण के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी, सहायक आयुक्त अश्वनी सिंह, गौतम भंडारी, कुंदन पांगती, प्रधानाचार्य आशीष शर्मा और राजेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

