ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी/लालकुआं/कालाढुंगी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में मदिरा (अनुज्ञापित) दुकानों पर राजस्व विभाग की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी अभियान चलाया।

इस दौरान कई दुकानों पर ओवररेटिंग समेत गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। राजस्व टीम ने जांच रिपोर्ट तैयार कर आगे की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेज दी है।

कालाढुंगी क्षेत्र में उपजिलाधिकारी विपिन पंत के नेतृत्व में मुख्य बाजार स्थित विदेशी मदिरा की दुकान पर शाम करीब 5 बजे औचक छापा मारा गया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने अपनी पहचान छिपाकर ग्राहक बनकर शराब खरीदी। गूगल पे से भुगतान करते हुए रॉयल स्टैग का हाफ और क्वार्टर खरीदा गया, जिसमें एमआरपी के मुकाबले कुल 10 रुपये अधिक वसूले गए।

इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कई चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। दुकान में स्टॉक पंजिका और वास्तविक स्टॉक में अंतर पाया गया। बिलिंग मशीन बंद मिली और ग्राहकों को बिल नहीं दिए जा रहे थे, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से भी हुई। दुकान के बाहर रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं थी।

टीम ने मौके पर मौजूद ग्राहकों से पूछताछ की, जिसमें कई लोगों ने ओवररेटिंग की पुष्टि की। ग्राम धापला निवासी अजय कुमार का बयान भी दर्ज किया गया, जिन्होंने अधिक कीमत वसूले जाने की बात स्वीकार की। सेल्स मैनेजर पंकज मेहरा ने बताया कि दुकान में अन्य तीन कर्मचारी भी कार्यरत हैं।

इसी तरह लालकुआं तहसील क्षेत्र में उपजिलाधिकारी रेखा कोहली के नेतृत्व में चार मदिरा दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच में सभी दुकानों पर एमआरपी से अधिक कीमत पर शराब बेचे जाने की पुष्टि हुई।

जिन दुकानों पर कार्रवाई की गई उनमें निर्मल उपाध्याय की विदेशी मदिरा दुकान, हरिश्चंद्र तिवारी की देशी मदिरा दुकान, सुरेश सिंह नेगी की विदेशी मदिरा दुकान और कैलाश चंद्र पंत की देशी मदिरा दुकान शामिल हैं।

निरीक्षण के दौरान इन दुकानों में बिलिंग मशीन खराब पाई गई, स्टॉक पंजिका अधूरी मिली, बिक्री पंजिका उपलब्ध नहीं थी और कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन भी नहीं पाया गया।

दोनों तहसीलों में हुई कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग ने सभी मामलों में विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंप दी है।

प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि ओवररेटिंग और नियमों के उल्लंघन में दोषी पाए जाने वाले दुकानदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में 5 दिन से लापता युवक का शव खाई में मिला, साथियों पर हत्या का आरोप
error: Content is protected !!