गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर बड़ा हादसा, नदी के बीच दिखाई दी कार; किनारे शव दिखने से मची अफरा-तफरी

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे की सूचना सामने आई है।

गंगनानी क्षेत्र में धर्मकुंड से करीब 20 मीटर आगे डबरानी की ओर एक इनोवा कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिरते हुए सीधे भागीरथी नदी में जा समाई। हादसे के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त इनोवा कार में चार लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि वाहन गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहा था, इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे भागीरथी नदी में जा गिरी। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि प्रत्यक्षदर्शियों को नदी के किनारे कुछ लोगों के शव दिखाई देने की सूचना मिली है, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार नदी के बीचोंबीच नजर आ रही है।

घटना की सूचना मिलते ही डेल्टा कंट्रोल रूम से पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा को अलर्ट किया गया। इसके बाद राहत एवं बचाव दल तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। नदी में गिरी कार और उसमें सवार लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान चलाए जाने की तैयारी की जा रही है।

फिलहाल हादसे में कितने लोगों की मृत्यु हुई है और कितने लोग लापता हैं, इसे लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दुर्घटना में हताहतों की वास्तविक संख्या और उनकी स्थिति रेस्क्यू अभियान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। प्रशासन और बचाव दल की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  रामनगर में बुलडोजर कार्रवाई के बीच महिला को आया हार्ट अटैक; 83 परिवारों के आशियानों पर चला बुलडोजर

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.