ब्रेकिंग न्यूज़

हल्द्वानी।  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के 11 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित भ्रमण कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।

 वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने हल्द्वानी स्थित पुलिस बहुद्देशीय भवन सभागार में अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण गोष्ठी आयोजित कर सुरक्षा, यातायात और निगरानी व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए।

बैठक में एसएसपी ने कार्यक्रम स्थल और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन चेकिंग, एंटी-सबोटाज जांच और वाहनों के सत्यापन को अनिवार्य रूप से लागू करने के निर्देश दिए। वीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर बीडीएस टीमों की तैनाती और DFMD के माध्यम से सख्त फ्रिस्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही एक्सेस कंट्रोल के लिए स्लाइडिंग बैरियर लगाकर सुरक्षा घेरा मजबूत किया जाएगा।

यातायात प्रबंधन को लेकर निर्देश दिए गए कि सभी प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक सुचारू रखा जाए और जरूरत पड़ने पर रूट डायवर्जन लागू किया जाए। भीड़ नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने और पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। हेलीपैड क्षेत्र में विशेष सुरक्षा इंतजाम और रिहर्सल ड्रिल के भी निर्देश दिए गए हैं।

एसएसपी ने सोशल मीडिया और मैन्युअल इंटेलिजेंस के जरिए संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत असामाजिक तत्वों के खिलाफ सघन अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों को होटल, ढाबों और सरायों की गहन जांच करने और आवश्यक चेतावनी जारी करने को भी कहा गया।

आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) को अलर्ट मोड पर रखा गया है। बैठक के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी से पूर्व ब्रीफिंग देने तथा प्रत्येक पॉइंट पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने स्पष्ट कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

गोष्ठी में पुलिस अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि अन्य अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सहभागिता की।

Advertisement
यह भी पढ़ें :  नंदा देवी महोत्सव: एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी के नेतृत्व में नैनीताल पुलिस की चाक-चौबंद सुरक्षा, लगातार पैदल गश्त और जागरूकता जारी
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.