ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

राजकीय प्राथमिक विद्यालय मल्लीताल में नए शैक्षणिक वर्ष की शुरुआत, प्रवेशोत्सव मनाया गया ,इंग्लिश मीडियम की कक्षा छोड़ प्राथमिक विद्यालय में  10 बच्चों ने प्रवेश लिया

 रिपोर्टर गुड़डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। 1888 में स्थापित राजकीय प्राथमिक विद्यालय मल्लीताल में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत प्रवेशोत्सव के रूप में हर्षोल्लास के साथ हुई।

इस अवसर पर विद्यालय परिसर में नव-दाखिल बच्चों और उनके अभिभावकों का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया। नन्हे विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में उत्साह का संचार किया।

इस वर्ष कक्षा एक में छह सहित कुल 10 नए छात्र-छात्राओं ने प्रवेश लिया है, जबकि अन्य बच्चों के दाखिले की प्रक्रिया जारी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मल्लीवाल बाजार वार्ड के सभासद मुकेश जोशी ने नव प्रवेशी बच्चों को पाठ्य पुस्तकें, कॉपियां, पेंसिल बॉक्स और लड्डू वितरित किए। साथ ही सभी विद्यार्थियों को विषयवार कॉपियां भी प्रदान की गईं।

प्रधानाध्यापिका ममता साह ने अभिभावकों को विद्यालय में उपलब्ध निःशुल्क सुविधाओं—शिक्षा, कंप्यूटर प्रशिक्षण, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन, फल, दूध, जूते, बैग, खेल सामग्री और पुस्तकालय—की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यालय का उद्देश्य ‘लर्न विद फन’ के माध्यम से बच्चों को बोझरहित और आनंदपूर्ण शिक्षा देना है। इसके तहत बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गायन और विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भी भागीदारी कराई जाती है।

सभासद मुकेश जोशी ने विद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि जहां कई स्थानों पर प्राथमिक विद्यालय बंद होने की स्थिति में हैं, वहीं मल्लीताल का यह विद्यालय लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसका श्रेय शिक्षकों की मेहनत और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल को दिया।

प्रधानाध्यापिका ने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 38 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और शीघ्र ही यह संख्या 50 तक पहुंचने की संभावना है। उन्होंने अतिरिक्त शिक्षकों की आवश्यकता पर भी जोर दिया। साथ ही जानकारी दी कि विद्यालय में अंग्रेज़ी माध्यम से पढ़ाई के साथ कंप्यूटर शिक्षा एवं संगीत (हारमोनियम, तबला) और नृत्य का प्रशिक्षण भी दिया जाता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय ने छात्रा निधि टम्टा के देहरादून स्थित हिम ज्योति स्कूल में चयन पर खुशी व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्ष सरिता देवी, शिक्षिकाएं लीला जोशी, नीतू, बबीता तुलसी, बुष्पा तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल में निजी विद्यालयों की मान्यता की जांच शुरू, इस तारीख तक मांगी गई पूरी रिपोर्ट
error: Content is protected !!