ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। राजधानी में साइबर ठगी का एक और बड़ा मामला सामने आया है, जहां निवेश के नाम पर ठगों ने एक महिला से 69 लाख रुपये की ठगी कर ली। महिला फेसबुक पर दिखे निवेश के विज्ञापन के झांसे में आ गई और अधिक मुनाफे के लालच में अपनी जमा पूंजी गंवा बैठी।

राजपुर रोड निवासी रूबी सिंह ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह गृहिणी हैं और उनके पति आईटी सेक्टर में कार्यरत हैं। 10 फरवरी को उन्होंने फेसबुक पर ‘आनंद राठी शेयर्स एंड स्टॉक ब्रोकर्स लिमिटेड’ के नाम से एक निवेश संबंधी विज्ञापन देखा, जिसमें कम समय में अधिक मुनाफा कमाने का दावा किया गया था।

विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बाद उन्हें एक मोबाइल नंबर मिला, जो कावेरी मल्होत्रा के नाम से था। संपर्क करने पर उन्हें निवेश की जानकारी दी गई और एक फॉर्म भरवाया गया। इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ दिया गया और लॉगिन आईडी व पासवर्ड भी उपलब्ध कराया गया।

महिला ने 17 फरवरी को 50 हजार रुपये का शुरुआती निवेश किया, जो उन्हें एक ऑनलाइन पेज पर दिखाई देने लगा। इसके बाद ठगों ने ज्यादा निवेश पर ज्यादा मुनाफे का लालच दिया। महिला ने 25 मार्च तक अपने और अपने पति के खाते से, यहां तक कि लोन लेकर भी कुल 69 लाख रुपये जमा कर दिए।

जब महिला ने रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने 50 लाख रुपये की सिक्योरिटी राशि की मांग कर दी। इस पर महिला को ठगी का एहसास हुआ और उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और लोगों से ऐसे फर्जी निवेश ऑफर्स से सतर्क रहने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  हेमचंद आर्य के प्रयास रंग लाए, दूरस्थ गांवों में जल्द बनेगा मोटर मार्ग—ग्रामीणों में खुशी की लहर

You missed

error: Content is protected !!