ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हिंसा: भाजपा उम्मीदवार पर हमला, कई जिलों में बवाल

पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान हिंसा और तनाव की कई घटनाएं सामने आई हैं। कुमारगंज में भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु सरकार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस समर्थकों ने उनके बूथ पर पहुंचने का विरोध करते हुए उन पर हमला कर दिया।

घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें सुवेंदु सरकार खुद को बचाने के लिए भागते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी भीड़ से उन्हें बचाने की कोशिश कर रहे हैं। बावजूद इसके, भीड़ द्वारा उनके साथ मारपीट की गई। हालांकि हमलावरों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए चुनाव आयोग ने वीडियो में दिख रहे लोगों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।

इसी बीच राज्य के अन्य जिलों में भी हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। मुर्शिदाबाद में उपद्रवियों ने आम जनता उन्नयन पार्टी (AJUP) के प्रमुख हुमायूं कबीर की कार पर लाठी-डंडों और ईंटों से हमला किया। इससे पहले नौदा क्षेत्र में मतदान से पहले देसी बम फेंके जाने की घटना में कई लोग घायल हो गए थे। घटना के विरोध में हुमायूं कबीर धरने पर भी बैठ गए।

वहीं कूचबिहार के तूफानगंज इलाके में मतदान के दौरान भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे हालात बिगड़ गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने लाठीचार्ज कर भीड़ को तितर-बितर किया।

इसके अलावा सिलीगुड़ी और मालदा में भी छिटपुट हिंसा और तनाव की खबरें सामने आई हैं। आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है।

हालांकि सुरक्षा बलों की तैनाती के चलते अधिकांश स्थानों पर स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है, लेकिन घटनाओं ने चुनावी माहौल को तनावपूर्ण बना दिया है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में मजदूर आंदोलन तेज: हरीश पनेरू गिरफ्तार, पीयूष जोशी नजरबंद

You missed

error: Content is protected !!