नैनीताल के बिरला क्षेत्र में जंगल में लगी आग बुझाने के लिए पहाड़ी में सविंदा कर्मचारी आनंद लाल की पहाड़ी गिरकर मौत
रिपोर्टर: गुडडू सिंह ठठोला
नैनीताल। बिड़ला क्षेत्र में जंगल की आग बुझाने के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। आग बुझाने के लिए पहाड़ी पर चढ़े 55 वर्षीय संविदा कर्मचारी आनन्द लाल का पैर फिसल गया, जिससे वे खड़ी चट्टान से खाई में जा गिरे। हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें तुरंत 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह बिड़ला चुंगी क्षेत्र के जंगल में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थी। आग बुझाने के दौरान आनन्द लाल संतुलन खो बैठे और गहरी खाई में गिर गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। लोगों का कहना है कि आग बुझाने वाले कर्मियों को न तो फायर सूट उपलब्ध कराया गया था और न ही हेलमेट जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण दिए गए थे, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
पूर्व सभासद दीपक कुमार भोलू ने बताया कि आनन्द को मौके से बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
वन क्षेत्राधिकारी ललित मोहन कार्की ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। विभागीय कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

