ब्रेकिंग न्यूज़

मेथीशाह नाले के पास वेव/शिवालिक होटल का बोर्ड सफेद पट्टी से मात्र एक फीट दूर, राहगीरों और स्कूली बच्चों की सुरक्षा खतरे में

कालाढूंगी। नगर क्षेत्र के मेथीशाह नाले के समीप स्थित वेव/शिवालिक होटल द्वारा लगाया गया एक प्रचार बोर्ड अब स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गया है। आरोप है कि होटल प्रबंधन ने नियमों को नजरअंदाज करते हुए हाईवे के बेहद करीब तथा सिंचाई विभाग की गुल (नहर किनारे की पटरी) पर अतिक्रमण कर बोर्ड स्थापित कर दिया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह बोर्ड हाईवे की सफेद पट्टी से मात्र लगभग एक फीट की दूरी पर लगाया गया है। इतना ही नहीं, जहां बोर्ड लगाया गया है वहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में राहगीर, स्कूली बच्चे और स्थानीय लोग पैदल गुजरते हैं। बोर्ड लगने के कारण पैदल चलने की जगह काफी संकरी हो गई है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।

ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि आसपास की गलियों से निकलने वाले छोटे और बड़े वाहनों को भी इस बोर्ड के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मोड़ और रास्ते की दृश्यता प्रभावित होने से वाहन चालकों को खतरा बना रहता है।

लोगों ने हाल ही में बेलपड़ाव में हुई सड़क दुर्घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि सड़क किनारे इस प्रकार लगाए गए अवैध और असुरक्षित बोर्ड पहले भी हादसों का कारण बन चुके हैं। इसके बावजूद संबंधित विभागों द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा स्थानीय निकाय से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बोर्ड नहीं हटाया गया और कोई अप्रिय घटना घटती है, तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी — यह बड़ा सवाल है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टरों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.