ब्रेकिंग न्यूज़

महापौर गजराज बिष्ट ने जारी किया त्वरित प्रतिक्रिया टीम का हेल्पलाइन नंबर 9410727977, शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान का दावा

हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम की ओर से शहर के विकास, जनसुविधाओं को बेहतर बनाने और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण पहल और घोषणाएं की गई हैं। महापौर गजराज बिष्ट ने इन पहलों की जानकारी साझा करते हुए कहा कि नगर निगम शहर के विकास के साथ-साथ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।

महापौर ने बताया कि नगर निगम द्वारा चौपाटी और निजी फूड प्लाजा के लिए शुरू की गई आत्मनिर्भर पहल का आधिकारिक वीडियो जारी कर दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य शहर में व्यवस्थित रूप से रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों को बढ़ावा देना है। इसके माध्यम से स्थानीय लोगों को अपनी प्रतिभा और व्यवसायिक क्षमता का उपयोग करते हुए आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल सकेगा।

इसके साथ ही स्थानीय युवाओं और रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए ‘हल्द्वानी रील प्रतियोगिता 2026’ की आधिकारिक घोषणा भी की गई है। प्रतियोगिता के माध्यम से शहर की खूबसूरती, संस्कृति, पर्यटन, विकास और स्थानीय जीवन से जुड़े रचनात्मक वीडियो को सामने लाने का प्रयास किया जाएगा। इससे युवाओं को अपनी क्रिएटिविटी प्रदर्शित करने के साथ हल्द्वानी की सकारात्मक पहचान को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का अवसर मिलेगा।

शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए हेल्पलाइन जारी

नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए नगर निगम ने त्वरित प्रतिक्रिया टीम (क्विक रिस्पांस टीम) का हेल्पलाइन नंबर 9410727977 जारी किया है। महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि नगर निगम क्षेत्र से संबंधित समस्याओं और शिकायतों की जानकारी इस नंबर पर साझा करें, ताकि संबंधित टीम द्वारा मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

नगर निगम की इस व्यवस्था का उद्देश्य शिकायतों को संबंधित विभाग तक तेजी से पहुंचाना और मौके पर कार्रवाई सुनिश्चित करना है। इससे सड़क, सफाई, अतिक्रमण, जनसुविधाओं तथा अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जताई गई है।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत की तैयारियां

महापौर गजराज बिष्ट ने यह भी बताया कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के भव्य स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां की जा रही हैं और विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य हल्द्वानी को विकास, जनसुविधाओं, रोजगार और नागरिक सहभागिता के लिहाज से बेहतर शहर के रूप में आगे बढ़ाना है। आने वाले समय में भी शहरहित में कई नई योजनाओं और पहलों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : उच्च न्यायालय के समीप कार पार्किंग में गिरा पेड़, तीन वाहन क्षतिग्रस्त; बड़ा हादसा टला

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.