वैश्विक संकट के बीच राष्ट्रहित में नैनीताल पुलिस का कदम
ईंधन संरक्षण के लिए नैनीताल के SSP मंजुनाथ टीसी खुद पैदल पहुंचे कार्यालय, अधीनस्थों को दी ‘कार-पूलिंग’ के निर्देश
आम जनता से इलेक्ट्रिक वाहनों एवं सार्वजनिक वाहनों का उपयोग करने की अपील
वैश्विक संकट के बीच SSP नैनीताल की अनोखी पहल, पैदल कार्यालय पहुंचकर दिया ईंधन बचत और सादगी का संदेश
हल्द्वानी। पश्चिम एशिया में जारी वैश्विक संकट के कारण ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरकों की आपूर्ति पर बढ़ते दबाव के बीच प्रधानमंत्री Narendra Modi द्वारा मितव्ययता और ईंधन संरक्षण को लेकर किए गए आह्वान तथा मुख्यमंत्री की अपील को धरातल पर उतारते हुए नैनीताल पुलिस ने एक प्रेरणादायी पहल की शुरुआत की है।
जनपद नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक Dr. Manjunath TC ने सादगी, अनुशासन और राष्ट्रहित का संदेश देते हुए अपने आवास से हल्द्वानी स्थित कार्यालय तक पैदल पहुंचकर ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। SSP की इस पहल की पुलिस विभाग सहित आमजन में भी सराहना हो रही है।
एसएसपी नैनीताल ने जनपद के सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि कार्यालय आने-जाने में Vehicle Pooling यानी साझा वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा निजी वाहनों के प्रयोग को न्यूनतम रखें। साथ ही सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देकर ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग देने को कहा गया है।
एसएसपी ने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में ऊर्जा संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने, पेट्रोल-डीजल चालित वाहनों का अनावश्यक उपयोग कम करने तथा जरूरत पड़ने पर सार्वजनिक परिवहन अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रत्येक नागरिक को इस अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

