ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। कालाढूंगी विधानसभा के ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश खुलकर सामने आया।

नाराज ग्रामीणों ने जल संस्थान कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता से मुलाकात की और क्षेत्र में व्याप्त पानी की किल्लत पर गहरी नाराजगी जताई।

इस दौरान ग्रामीणों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र में उग्र आंदोलन और प्रदर्शन किया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना था कि भीषण गर्मी के बीच गांवों में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है।

कई इलाकों में लोगों को घंटों इंतजार के बाद भी पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद विभागीय अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं।

इस दौरान ग्रामीणों ने कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत पर भी निशाना साधा। ग्रामीणों ने कहा कि विधायक द्वारा क्षेत्र में कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास तो किया गया, लेकिन धरातल पर आज भी जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में पानी और सड़क जैसी समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।

ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों का ध्यान केवल चुनाव और वोट बैंक की राजनीति तक सीमित रह गया है, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं के अभाव में परेशान है।

साथ ही उन्होंने अधिकारियों पर भी लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय तंत्र पूरी तरह बेलगाम होता नजर आ रहा है।

ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि फिलहाल प्रशासन को केवल ज्ञापन देकर चेताया गया है, लेकिन यदि जल्द पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ तो ग्रामीण सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की होगी।

यह भी पढ़ें :  गुलदार ने रोकी बारात, आधे घंटे तक सड़क पर डटा रहा गुलदार

You missed

error: Content is protected !!