ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

भीमताल। धारी ब्लॉक के गुनियालेख, पलड़ा-देवनगर समेत आसपास की ग्रामसभाओं में लगातार बनी पेयजल समस्या को लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर बहुप्रतीक्षित भूगड़ा लिफ्ट पेयजल योजना के निर्माण की मांग उठाई है।

इस संबंध में कांग्रेस नेता मनोज शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी नैनीताल को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि तत्कालीन सरकार द्वारा देवनगर स्थित भूगड़ा के गधेरे से पेयजल उपलब्ध कराने हेतु लिफ्ट योजना को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद जल निगम नैनीताल द्वारा सर्वे कर योजना को उपयुक्त मानते हुए डीपीआर शासन को भेजी गई, लेकिन वर्षों बाद भी योजना निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

मनोज शर्मा ने आरोप लगाया कि जब इस संबंध में जल निगम अधिकारियों से जानकारी ली जाती है तो कहा जाता है कि इन गांवों में जल जीवन मिशन के तहत करोड़ों रुपये की योजनाएं संचालित की जा चुकी हैं, इसलिए अब नई लिफ्ट योजना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्य पूरी तरह गुणवत्ता विहीन हैं। कई स्थानों पर पाइप हवा में झूल रहे हैं और गांवों तक पानी की एक बूंद भी नहीं पहुंच पाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरा कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ चुका है।

ग्रामीणों ने मांग की कि बहुउद्देशीय भूगड़ा लिफ्ट योजना का तत्काल निर्माण कराया जाए ताकि क्षेत्र की बड़ी आबादी को पेयजल संकट से राहत मिल सके। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत हुए कार्यों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को लिफ्ट योजना के निर्माण की दिशा में कार्रवाई करने तथा जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच कराने का आश्वासन दिया।

ज्ञापन देने वालों में मनोज शर्मा, दुर्गा दत्त तिवारी, भुवन दानी और भुवन सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : मिशन ड्रग फ्री देवभूमि अभियान के तहत एसओजी और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2 किलो से अधिक चरस बरामद
error: Content is protected !!