बागेश्वर। आरे-द्यांगण बाईपास क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। वन विभाग के कर्मचारियों, स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाकर घायलों को खाई से बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार नगर के मजियाखेत निवासी 32 वर्षीय संदीप कुमार और उनके भाई 25 वर्षीय राहुल कुमार पुत्र महेश राम अपने वाहन से नीलेश्वर मंदिर जा रहे थे। इसी दौरान आरे-द्यांगण बाईपास से आगे उनका वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।

वाहन में चार वर्षीय पूजा भी सवार थी। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, वन विभाग के फायर वाचर और पुलिस मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मासूम पूजा को मृत घोषित कर दिया।

वहीं घायल संदीप कुमार और राहुल कुमार का अस्पताल में उपचार चल रहा है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

कोतवाल अनिल उपाध्याय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में युवक की हैवानियत: युवती को हेलमेट से पीटकर किया लहूलुहान, बचाने पहुंचे लोगों से भी की अभद्रता
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.