दिनदहाड़े वारदात से सहसपुर क्षेत्र में दहशत, पुलिस ने कई जगह दी दबिश
विकासनगर (देहरादून)। सहसपुर कोतवाली क्षेत्र के बद्रीपुर-मेदनीपुर गांव में रविवार सुबह एक मेडिकल स्टोर संचालक पर धारदार हथियार ‘पाठल’ से जानलेवा हमला कर दिया गया।
हमले में मेडिकल स्टोर संचालक महेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब सवा नौ बजे महेन्द्र सिंह गांव स्थित गुप्ता क्रेना स्टोर के पास पानी की टंकी पर पानी भरने पहुंचे थे। इसी दौरान गांव के ही कार्तिक पुत्र रवि निवासी मेदनीपुर बद्रीपुर ने उन पर पाठल से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में महेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
घायल की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी फरार हो गया। स्थानीय ग्रामीण सुनील ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अपनी गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटों के चलते कई टांके लगाए गए।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल प्रदीप रावत, एसएसआई मनमोहन नेगी और धर्मावाला चौकी इंचार्ज पंकज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देहरादून से फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य और नमूने एकत्रित किए।
घायल के भाई गेन्दन सिंह पुत्र बहादुर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि चार-पांच दिन पहले भी आरोपी कार्तिक ने महेन्द्र सिंह के साथ गाली-गलौज की थी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
कोतवाल प्रदीप रावत ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के परिजनों ने उसे मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया है, जिसकी जांच मेडिकल दस्तावेजों और डॉक्टरों के माध्यम से की जा रही है। फिलहाल गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिनदहाड़े हुई इस घटना पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से बाहरी राज्यों से आए लोगों का सख्ती से सत्यापन करने की मांग की।

