ब्रेकिंग न्यूज़

चम्पावत। जिले के दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल करते हुए पाटी क्षेत्र के बिनवाल गांव-कलियाधूरा मोटर मार्ग निर्माण को केंद्र सरकार से हरी झंडी मिल गई है।

पर्यावरण मंत्रालय ने सड़क निर्माण के लिए 8.720 हेक्टेयर वन भूमि हस्तांतरण की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे लंबे समय से सड़क निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार परियोजना के बदले प्रतिपूरक वनीकरण का कार्य कराया जाएगा। इसके तहत पाटी तहसील की मौनकाण्डा पट्टी (चौड़ाकोटा) में 17.442 हेक्टेयर सिविल भूमि पर स्थानीय एवं स्वदेशी प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण और वन्य जीवों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी तथा सभी तय मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

डीएम ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सड़क निर्माण के दौरान पेड़ों की कटाई न्यूनतम रखी जाए। साथ ही निर्माण कार्य से निकलने वाले मलबे के सुरक्षित निस्तारण के लिए चिन्हित स्थलों पर सुरक्षा दीवारों का निर्माण कराया जाए, ताकि पर्यावरणीय नुकसान को रोका जा सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। बरसात के समय ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

यह भी पढ़ें :  रक्षाबंधन पर भाई ने बहन को दिया अनोखा तोहफा

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.