ब्रेकिंग न्यूज़

मुखानी क्षेत्र की घटना,  निवासी 19 वर्षीय युवक प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रहा था तैयारी

हल्द्वानी। शहर के मुखानी क्षेत्र से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, अल्मोड़ा जिले के सुनियाकोट (बड़गांव) निवासी हेमंत परिहार अपने ताऊ के घर भगवानपुर केसर कॉलोनी, मुखानी में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह वह रोज की तरह घर से बाहर घूमने गया था और लौटने के बाद अपने कमरे में चला गया।

काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई और दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से अंदर देखा तो हेमंत फंदे से लटका हुआ मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए।

परिजनों ने तत्काल दरवाजा तोड़कर युवक को नीचे उतारा और आनन-फानन में डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

फिलहाल पुलिस मृतक के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।

इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार सदमे में है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल बना हुआ है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में विकास कार्यों को रफ्तार: मुख्यमंत्री धामी ने ₹53.72 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति दी, रामनगर सीवरेज योजना को ₹42.75 करोड़ मंजूर
❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.