ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने शुक्रवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 3800 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना भी बनी हुई है।

मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में तेज गर्जन के साथ बिजली चमकने, ओलावृष्टि और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके अलावा इन जिलों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।

वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी करते हुए 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, अनावश्यक यात्रा से बचने और खुले स्थानों में न रुकने की सलाह दी है।

गुरुवार को लोहाघाट, लीती, सांग और डांगोली क्षेत्रों में बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जबकि देहरादून में दिनभर तेज धूप खिली रहने से अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के तापमान पूर्वानुमान के मुताबिक अगले एक से दो दिनों में प्रदेश के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद आगामी तीन से चार दिनों में तापमान में फिर 3 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने भी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में शांतिपूर्ण ढंग से अदा हुई ईद की नमाज़

You missed

error: Content is protected !!