देहरादून। उत्तराखंड में आखिरकार मौसम ने करवट ले ली है। पहाड़ से लेकर मैदान तक हुई जोरदार बारिश ने बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से लोगों को राहत दिलाई है।
हालांकि, कई क्षेत्रों में तेज अंधड़ और ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित करते हुए नुकसान भी पहुंचाया है। कई स्थानों पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जबकि टिन शेड और अन्य अस्थायी ढांचे भी तेज हवाओं की चपेट में आ गए।
गुरुवार देर रात देहरादून समेत प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम अचानक बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और ओलावृष्टि की घटनाएं भी सामने आईं। अंधड़ के कारण विद्युत पोल, बिजली की लाइनें, पेड़, होर्डिंग और अन्य संरचनाओं को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
पर्वतीय इलाकों में तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर गोशालाओं की छतें तक उड़ गईं। प्रदेशभर में हुई बारिश के कारण तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
शुक्रवार को मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि पहाड़ी जिलों में आंशिक बादल छाए रहे। शाम होते-होते फिर से गर्जन वाले बादल सक्रिय हो गए।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, शनिवार को भी प्रदेश के अधिकांश पर्वतीय जिलों में आंशिक बादल छाए रहने और गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।
कुछ स्थानों पर तेज हवाएं और गर्जन-चमक भी देखने को मिल सकती है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेश में तापमान सामान्य या सामान्य से नीचे बना रह सकता है।
