परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार, फरार चल रहे अभियुक्तों की जल्दी गिरफ्तारी की मांग
रिपोर्ट – नीरज तिवारी
कालाढूंगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत सब विद्युत स्टेशन बैलपड़ाव में तैनात कर्मचारी देवेंद्र कुमार की हत्या के 15 दिन बीत जाने के बावजूद मामले में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परिजनों और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। पुलिस द्वारा अब तक केवल दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, जबकि परिजनों का आरोप है कि विद्युत विभाग बैलपड़ाव के ठेकेदार सहित अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।
मामले को लेकर बैलपड़ाव क्षेत्र के ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और परिजन एकत्र हुए तथा पुलिस प्रशासन से फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद से अब तक विद्युत विभाग का कोई भी अधिकारी पीड़ित परिवार का हालचाल जानने नहीं पहुंचा है।
मृतक देवेंद्र कुमार की मां, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद अधूरी रहेगी।
बैलपड़ाव न्याय पंचायत क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही फरार आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने मामले में त्वरित कार्रवाई कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है।
