ग्राफिक एरा भीमताल की एक और बड़ी उपलब्धि, गूगल ने कार्तिकेय को दिया प्रतिष्ठित फुल-टाइम जॉब ऑफर

हल्द्वानी के कार्तिकेय वारियाल ने बढ़ाया कुमाऊं का मान, गूगल में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर चयन

गूगल में ग्राफिक एरा के विद्यार्थियों का दबदबा बरकरार, कोडिंग के दम पर गूगल तक पहुंचे हल्द्वानी के कार्तिकेय, 12 सप्ताह की इंटर्नशिप के बाद मिला फुल-टाइम ऑफर

बीटेक कंप्यूटर साइंस के 2027 बैच के छात्र को प्री-प्लेसमेंट ऑफर के जरिए मिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर का प्रतिष्ठित पद, गूगल मैप्स टीम के साथ कर चुके हैं काम

हल्द्वानी/भीमताल। कुमाऊं की प्रतिभाएं अब दुनिया की दिग्गज तकनीकी कंपनियों में अपनी काबिलियत का लोहा मनवा रही हैं। इसी कड़ी में ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल के बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग के वर्ष 2027 बैच के छात्र कार्तिकेय वारियाल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर पूरे कुमाऊं क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। हल्द्वानी के भगवानपुर तल्ला निवासी कार्तिकेय का दुनिया की प्रतिष्ठित टेक्नोलॉजी कंपनी गूगल में प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) के माध्यम से फुल-टाइम सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर चयन हुआ है।

कार्तिकेय की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, तकनीकी दक्षता और निरंतर अभ्यास का परिणाम है। उनकी उपलब्धि ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा किसी बड़े शहर या भौगोलिक क्षेत्र की मोहताज नहीं होती। पहाड़ों में रहकर भी युवा अपनी मेहनत और लगन के दम पर वैश्विक तकनीकी मंच पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

गूगल में चयन का सिलसिला लगातार जारी

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल परिसर के विद्यार्थियों का प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनियों में चयन लगातार विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और बेहतर प्लेसमेंट व्यवस्था को दर्शाता है। इससे पहले वर्ष 2026 बैच की बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा विभा चंदोला का गूगल में 54.84 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर चयन हुआ था।

इसके अलावा पिछले वर्ष चार छात्राओं प्राची शाह, गुंजन भानवाल, विभा चंदोला और रिचारानी राजाराम टारसे का भी गूगल में इंटर्नशिप के लिए चयन हुआ था। अब कार्तिकेय वारियाल को फुल-टाइम ऑफर मिलने से विश्वविद्यालय की उपलब्धियों में एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है।

कोडिंग और तकनीकी दक्षता ने दिलाई गूगल में जगह

कार्तिकेय की सफलता के पीछे नियमित कोडिंग अभ्यास, प्रतिस्पर्धात्मक प्रोग्रामिंग में भागीदारी और जटिल समस्याओं को हल करने की क्षमता की अहम भूमिका रही। उनकी तकनीकी तैयारी को देखते हुए उन्हें गूगल के प्रतिष्ठित सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग समर इंटर्नशिप कार्यक्रम के लिए साक्षात्कार का अवसर मिला।

चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने डेटा स्ट्रक्चर, एल्गोरिदम, तार्किक क्षमता और समस्या समाधान पर आधारित दो कठिन तकनीकी साक्षात्कार सफलतापूर्वक पास किए। इसके बाद उनका चयन इंटर्नशिप के लिए हुआ। यह प्रक्रिया उनकी तकनीकी समझ और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में समाधान खोजने की क्षमता का प्रमाण बनी।

गूगल मैप्स टीम के साथ किया महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर काम

कार्तिकेय ने अपनी 12 सप्ताह की इंटर्नशिप के दौरान गूगल मैप्स टीम के साथ काम किया। इस दौरान उन्होंने एक ऐसे टूल को विकसित करने में योगदान दिया, जो मैन्युअल जांच के लिए चिह्नित फर्जी और संदिग्ध रिव्यू की पहचान करने में मूल्यांकनकर्ताओं की सहायता करता है।

इस प्रोजेक्ट के माध्यम से उन्हें वास्तविक दुनिया की इंजीनियरिंग चुनौतियों, बड़े तकनीकी सिस्टम और वैश्विक स्तर पर संचालित डिजिटल प्लेटफॉर्म की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।

कार्तिकेय के अनुसार, इस मुकाम तक पहुंचने के लिए नियमित कोडिंग अभ्यास, समस्या समाधान पर विशेष ध्यान और अपने तकनीकी कौशल को लगातार बेहतर बनाना बेहद जरूरी रहा। इंटर्नशिप पूरी होने के बाद उन्हें अंतिम चयन परिणाम के लिए करीब चार महीने तक इंतजार करना पड़ा। आखिरकार उनके बेहतर प्रदर्शन के आधार पर गूगल ने उन्हें प्री-प्लेसमेंट ऑफर प्रदान किया।

संस्थापक अध्यक्ष की दूरदर्शी सोच का परिणाम

ग्राफिक एरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के संस्थापक अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) कमल घनशाला की दूरदर्शी सोच और गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा पर विशेष जोर को विश्वविद्यालय की इन उपलब्धियों का महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है। संस्थान में विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण, नवाचार, प्रतिस्पर्धात्मक प्रोग्रामिंग और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों को लगातार मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है, ताकि वे देश-विदेश की प्रतिष्ठित कंपनियों की चयन प्रक्रियाओं में सफलता हासिल कर सकें।

कुमाऊं के युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का केंद्र बन रहा भीमताल परिसर

ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी का भीमताल परिसर अब कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं के लिए वैश्विक अवसरों का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है। हल्द्वानी, नैनीताल, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को देश-दुनिया की अग्रणी कंपनियों तक पहुंचाने में विश्वविद्यालय की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।

कार्तिकेय वारियाल की सफलता क्षेत्र के उन हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाना चाहते हैं। उनकी उपलब्धि यह संदेश देती है कि सही दिशा, निरंतर मेहनत और तकनीकी दक्षता के बल पर छोटे शहरों और पहाड़ी क्षेत्रों से निकलकर भी दुनिया की सबसे बड़ी कंपनियों तक पहुंचा जा सकता है।

भीमताल परिसर के निदेशक ने कार्तिकेय को इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनकी सफलता में योगदान देने वाले शिक्षकों, मार्गदर्शकों और परिवार के सदस्यों के प्रयासों की भी सराहना की।

विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि कार्तिकेय की यह सफलता आने वाले समय में अन्य विद्यार्थियों को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।

यह भी पढ़ें :  दो दिवंगत राज्य आंदोलनकारियों के सम्मान में सादगी से मनाया गया उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता रद्द

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.