एक सप्ताह पहले पड़ोसी दुकानदार से हुआ था विवाद, जान से मारने की मिली थी धमकी; पुलिस में दी थी शिकायत, वारदात के बाद चारों हमलावर फरार
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर के रुद्रपुर में शुक्रवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। जगतपुरा निवासी मोबाइल शॉप स्वामी नितेश जोहरी (36) की चाकू से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमले में उनका छोटा भाई दिनेश और दुकान के कर्मचारी भी घायल हो गए।
वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई, वहीं जिला अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी नितेश जोहरी पुत्र कमलेश जोहरी अपने घर में ही मोबाइल की दुकान संचालित करते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ गया कि उन्हें जान से मारने की धमकी तक दी गई थी। इसके बाद नितेश ने मामले की शिकायत पुलिस से करते हुए लिखित तहरीर भी दी थी। बावजूद इसके शुक्रवार सुबह हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले कुछ लोगों ने मारपीट की। मारपीट के दौरान कशिश के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान पीछे से चार लोग मौके पर पहुंचे और नितेश जोहरी समेत वहां मौजूद अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया।
हमलावरों ने ताबड़तोड़ चाकू से वार किए। इस दौरान नितेश के सीने में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। घटना में घायल अन्य लोगों का उपचार कराया गया।
वारदात के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर-शराबा और लोगों की भीड़ जुटने पर चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और घायलों व परिजनों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनाक्रम की जांच शुरू करते हुए फरार आरोपितों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश देनी शुरू कर दी है।
इस हत्याकांड के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। नितेश जोहरी अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और मासूम पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, करीब एक सप्ताह पहले मिली जान से मारने की धमकी और पुलिस को दी गई शिकायत के बाद हुई इस हत्या को लेकर क्षेत्र में आक्रोश और चर्चाओं का माहौल है। अब पुलिस जांच में यह स्पष्ट होगा कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश थी या कोई अन्य वजह।
मुख्य सवाल: पहले मिली जान से मारने की धमकी और पुलिस को दी गई शिकायत के बावजूद हुई इस हत्या ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
























