हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला: अवैध रूप से चल रहे त्रिशूल होमस्टे पर प्रशासन का एक्शन, पर्यटन विभाग की निगरानी पर सवाल

 क्या नाबालिग से दरिंदगी का इंतजार कर रहा था पर्यटन विभाग? घटना के बाद जागा सिस्टम, अवैध होमस्टे सीज

हल्द्वानी। हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म की सनसनीखेज घटना के बाद अब प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिस त्रिशूल होटल होमस्टे में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया, जांच के दौरान वह होटल पर्यटन विभाग के नियमों के विपरीत संचालित होता पाया गया। इसके बाद जिला प्रशासन, प्राधिकरण और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए होटल को सीज कर दिया।

इस कार्रवाई ने नैनीताल जिले के पर्यटन विभाग की कार्यप्रणाली और होमस्टे के निरीक्षण की व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर पर्यटन गतिविधियों के नाम पर संचालित हो रहे ऐसे प्रतिष्ठानों की नियमित जांच कौन कर रहा था? नियमों को ताक पर रखकर होटल कैसे संचालित होता रहा और जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी भनक तक क्यों नहीं लगी?

गौरतलब है कि हल्द्वानी में नाबालिग से दुष्कर्म की घटना इसी त्रिशूल होटल होमस्टे में हुई थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में शामिल धीरज बिष्ट हल्द्वानी कॉलेज के छात्रसंघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की ओर से चुनाव भी लड़ चुका है। इस मामले के सामने आने के बाद शहर में आक्रोश का माहौल है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने होटल की जांच की तो इसके संचालन में नियमों की अनदेखी सामने आई। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, एसडीएम हल्द्वानी मोनिका और जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या की मौजूदगी में संबंधित विभागों की टीम ने होटल के खिलाफ कार्रवाई की और उसे सीज कर दिया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद अब सबसे बड़ा सवाल पर्यटन विभाग की निगरानी व्यवस्था को लेकर उठ रहा है। जब जिले में होटल और होमस्टे के संचालन को लेकर नियम और मानक निर्धारित हैं, तो उनका पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी किसकी थी? क्या पर्यटन विभाग समय-समय पर इन प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर रहा था? यदि जिलाधिकारी की ओर से पहले ही होटलों और होमस्टे की जांच के निर्देश दिए गए थे, तो संबंधित प्रतिष्ठानों पर समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

फिलहाल नाबालिग से दुष्कर्म की घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया है और होटल को सीज कर कार्रवाई का संदेश दिया गया है। लेकिन इस कार्रवाई के साथ यह भी जरूरी है कि जिले में संचालित अन्य होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे की भी व्यापक जांच हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

अब देखना होगा कि प्रशासन की कार्रवाई केवल एक होटल को सीज करने तक सीमित रहती है या फिर पर्यटन विभाग की जवाबदेही भी तय की जाती है।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : रंगों, रचनात्मकता और कुमाऊँनी स्वादों से सजा ‘स्कॉलर्स फेट-2026’, बाल उत्सव में प्रतिभाओं ने भरी उड़ान

You missed

❌ Content Protection Enabled: Right-click & text copying is disabled on this website.