ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

पिथौरागढ़।  बेरीनाग तहसील के ग्राम बना के मूल निवासी वरिष्ठ आईएएस अधिकारी कमलेश कुमार पंत को हिमाचल प्रदेश का मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। उनके पैतृक गांव बना में ग्रामीणों ने उनके आवास पर पहुंचकर मिठाइयां बांटीं और त्योहार जैसा जश्न मनाया।

कमलेश पंत का जन्म बना गांव में स्वर्गीय जगदीश चंद्र पंत के घर हुआ। उनके पिता शिक्षक होने के साथ-साथ समाजसेवा से भी जुड़े रहे, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से प्राप्त की तथा आगे की पढ़ाई राजकीय इंटर कॉलेज बेरीनाग से की। उच्च शिक्षा के लिए वे अल्मोड़ा गए और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की।

वर्ष 1993 में आईएएस परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर मिला। अपने लंबे प्रशासनिक करियर में उन्होंने हिमाचल प्रदेश में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए एक ईमानदार और कुशल अधिकारी की पहचान बनाई। उत्तराखंड में भी उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी और परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं। इसके अलावा केंद्र सरकार में राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के अध्यक्ष के रूप में भी सेवाएं दीं। उनके सहकर्मी उन्हें शांत, संतुलित और परिणामोन्मुख प्रशासक के रूप में जानते हैं।

मुख्य सचिव बनने के बाद गांव में आयोजित जश्न के दौरान कमलेश पंत ने हिमाचल प्रदेश से वीडियो कॉल के माध्यम से ग्रामीणों से बातचीत की और सभी का आभार व्यक्त किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व राज्यमंत्री खजान गुड्डू, बेरीनाग नगर पालिका अध्यक्ष हेमवंती पंत, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हेम पंत, भाजपा मंडल अध्यक्ष त्रिलोक खाती, पूर्व प्रधानाचार्य भगवान कठायत, गोविंद भंडारी, कैलाश चन्याल, प्रकाश पंत, सुनील पंत, दीपक पंत, रजनीश पंत, प्रियंका पंत, नीमा देवी सहित अनेक लोग मौजूद रहे। वहीं विधायक फकीर राम टम्टा और दीपक नेवलिया ने भी उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

यह भी पढ़ें :  UKPSC PCS Final Result: रुद्रपुर की जसमीत कौर बनीं टॉपर, हल्द्वानी की वर्षा जोशी दूसरे स्थान पर; 182 पदों पर चयन, 9 बने SDM, 10 बने CO,देखें पूरी लिस्ट...

You missed

error: Content is protected !!