नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के ऐतिहासिक डीएसए मैदान में गुरुवार को 100वीं ऑल इंडिया ट्रेड्स कप हॉकी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन कुमाऊं मंडल आयुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत ने फीता काटकर तथा हॉकी स्टिक से गेंद पर शॉट लगाकर किया। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
प्रतियोगिता के शुभारंभ से पूर्व तल्लीताल रोडवेज स्टेशन से डीएसए मैदान तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में नैनीताल का गौरव बढ़ाने वाले ओलंपियन राजेंद्र रावत तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी नरेंद्र बिष्ट और ललित शाह को विशेष रूप से सम्मानित करते हुए सुसज्जित वाहन में लाया गया। माल रोड से गुजरती इस आकर्षक शोभायात्रा का नागरिकों ने जगह-जगह स्वागत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
शोभायात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, पुलिस बैंड, पारंपरिक छोलिया नृत्य दल, महिला समूह और सांस्कृतिक टीमें शामिल रहीं। रंग-बिरंगी झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे नगर को खेल और उत्सव के रंग में रंग दिया।
मुख्य अतिथि दीपक रावत ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त मंच हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और ऐसी राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर प्रदान करती हैं।
उद्घाटन समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं, सांस्कृतिक दलों और छोलिया नृत्य मंडलियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। डीएसए महासचिव मनोज जोशी ने बताया कि प्रतियोगिता के 100वें संस्करण में देश के विभिन्न राज्यों से 49 टीमें भाग ले रही हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य हॉकी को बढ़ावा देना और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रुद्रपुर और आगरा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, दर्जा मंत्री दिनेश आर्या, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हरीश बिष्ट, डीएसए उपाध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट, हॉकी सचिव चंद्र लाल शाह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल पदाधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
