ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के तहत जनपद नैनीताल में खाद्य एवं पूर्ति विभाग द्वारा राशन कार्डों के व्यापक सत्यापन का कार्य लगातार जारी है।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में गठित टीमों द्वारा किए जा रहे अभियान के दौरान बड़ी संख्या में अपात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनके राशन कार्ड निरस्त किए गए हैं।

जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन ने बताया कि अब तक जनपद में कुल 30,383 राशन कार्डों तथा 1,30,012 यूनिटों का सत्यापन किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान 1,202 राशन कार्ड और उनसे संबंधित 5,116 यूनिटों को नियमों के अनुरूप निरस्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप केवल पात्र व्यक्तियों तक ही सार्वजनिक वितरण प्रणाली का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। सत्यापन के दौरान अपात्र, स्थानांतरित, मृतक अथवा अन्य कारणों से पात्रता खो चुके लाभार्थियों के कार्ड चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि विभाग की गठित टीमें लगातार क्षेत्रवार जांच कर रही हैं और आने वाले दिनों में भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने राशन कार्ड धारकों से सत्यापन प्रक्रिया में सहयोग करने तथा आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराने की अपील की है।

इस अभियान से सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ने के साथ ही वास्तविक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड में मौसम मेहरबान: पहाड़ों में बारिश-बर्फबारी के आसार, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट
error: Content is protected !!