ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल के नैनी झील में अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ 

राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने झील से निकाला शव, शिनाख्त के प्रयास जारी

रिपोर्टर :  गुड्डू सिंह ठठोला 

नैनीताल। गुरुवार सुबह नैनीझील में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। टैक्सी बाइक चालक सूरज आर्या ने झील में शव को उतराते हुए देखा और तत्काल इसकी सूचना मल्लीताल पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम नाव के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से न्यू हिना ट्रेवल्स तथा जुबीज़ किचन के सामने झील में मिले शव को बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक सफेद रुमाल, गुटखा और 25 रुपये नकद बरामद हुए। प्रथम दृष्टया मृतक बाहरी व्यक्ति प्रतीत हो रहा है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।

पुलिस शव को नाव के माध्यम से बोर्ड स्टैंड मल्लीताल लाई, जहां से स्थानीय लोगों की सहायता से उसे झील से बाहर निकाला गया। शव मिलने की सूचना पर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

हेड कांस्टेबल मनोज जोशी द्वारा शव को बी.डी. पांडे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी।

पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। मामले की जांच जारी है।

यह भी पढ़ें :  ड्यूटी से लौट रहे चालक की कैंटर की टक्कर से मौत, घर से कुछ दूरी पर हुआ दर्दनाक हादसा

You missed

error: Content is protected !!