ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

युवक की जंगल में जली मिली लाश, परिजनों को हत्या की आशंका

रामनगर कोतवाली क्षेत्र के करैलपुरी गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब जंगल में एक 30 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में जला हुआ शव बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

मृतक की पहचान गुरदास के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या कर शव को जलाकर सबूत मिटाने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतक के ताऊ ईश्वर सिंह ने आरोप लगाया कि गांव निवासी छिंदर सिंह कथित रूप से कच्ची शराब के अवैध कारोबार से जुड़ा हुआ है। उनका कहना है कि गुरदास से पहले छप्पर बंधवाया गया और बाद में उससे कच्ची शराब बनाने का काम कराया गया।

परिजनों के अनुसार, इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद आरोपियों ने गुरदास के साथ मारपीट की और उस पर खौलता हुआ लहन डाल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को जंगल में ले जाकर आग के हवाले कर दिया गया।

घटना के बाद परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और न्याय की मांग की है। वहीं रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच से छह संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है।

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें :  उत्तराखंड के हजारों शिक्षकों को बड़ी राहत! TET नियमों में होने जा रहा बड़ा बदलाव
error: Content is protected !!