आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की दो बड़ी मांगें, धामी सरकार से मांगा आर्थिक सुरक्षा का भरोसा
मानदेय बढ़ाओ, सेवानिवृत्ति पर 10 लाख दिलाओ… आंगनबाड़ी संगठन ने सौंपा ज्ञापन
हल्द्वानी। प्रदेश में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सेविकाओं और मिनी कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग उठाई है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता/सेविका/मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को संबोधित ज्ञापन भेजकर मानदेय में वृद्धि सहित दो प्रमुख मांगों को पूरा करने की अपील की गई है।
संगठन की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रही हैं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे अपने दायित्वों का लगातार निर्वहन कर रही हैं, लेकिन उनके मानदेय और भविष्य की आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी मांगों पर अब तक अपेक्षित निर्णय नहीं लिया गया है।
ज्ञापन में पहली मांग रखते हुए कहा गया है कि राज्य सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में प्रतिदिन 140 रुपये की वृद्धि करे। इसके साथ ही केंद्र सरकार को भी प्रतिदिन 150 रुपये मानदेय वृद्धि का प्रस्ताव भेजा जाए, ताकि कार्यकर्ताओं को आर्थिक राहत मिल सके।
वहीं दूसरी प्रमुख मांग में संगठन ने कहा है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सेवानिवृत्ति के समय बिना किसी अतिरिक्त अर्हता या शर्त के 10 लाख रुपये की एकमुश्त धनराशि दिए जाने का शासनादेश (जीओ) जारी किया जाए। संगठन का मानना है कि इससे लंबे समय तक विभाग में सेवाएं देने वाली कार्यकर्ताओं को भविष्य में आर्थिक सुरक्षा मिल सकेगी।
ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दोनों मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द आवश्यक कार्रवाई करने की अपील की गई है।
यह ज्ञापन संगठन की प्रदेश सदस्य एवं जिला नैनीताल की प्रतिनिधि धनपा की ओर से प्रेषित किया गया है। अब देखना होगा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की इन मांगों पर क्या निर्णय लेती है।
























