ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी के लक्ष्य रायचंदानी बने भारत अंडर-19 टीम के उपकप्तान, श्रीलंका दौरे के लिए चयन

रणजी ट्रॉफी और जूनियर क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन का मिला इनाम, उत्तराखंड क्रिकेट जगत में खुशी की लहर

हल्द्वानी के युवा और होनहार क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी का चयन भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में श्रीलंका दौरे के लिए किया गया है। खास बात यह है कि उन्हें टीम का उपकप्तान भी नियुक्त किया गया है। लक्ष्य की इस उपलब्धि से उत्तराखंड क्रिकेट जगत में खुशी की लहर दौड़ गई है। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड ने इसे प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया है।

भारतीय अंडर-19 टीम श्रीलंका दौरे पर तीन वनडे और दो टेस्ट मैच खेलेगी। जिला नैनीताल क्रिकेट एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष कमल पपने ने बताया कि लक्ष्य वर्तमान में देहरादून में उत्तराखंड रणजी टीम के कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं और 25 जून को बेंगलुरु में भारतीय टीम के साथ जुड़ेंगे। श्रीलंका दौरे के मुकाबले 4 जुलाई से शुरू होंगे।

लक्ष्य रायचंदानी ने पिछले कुछ वर्षों में अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड क्रिकेट में विशेष पहचान बनाई है। हाल ही में रणजी ट्रॉफी में पदार्पण करते हुए उन्होंने चार मैचों में तीन अर्धशतक लगाए। त्रिपुरा के खिलाफ 64 रन, क्वार्टर फाइनल में असम के खिलाफ 86 रन और सेमीफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ 56 रन की महत्वपूर्ण पारियां खेलकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।

इससे पहले 2023-24 की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में लक्ष्य ने पांच मैचों में एक दोहरा शतक, तीन शतक और दो अर्धशतक जड़ते हुए 138.83 की औसत से 833 रन बनाए थे। वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उनके इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें बीसीसीआई का प्रतिष्ठित नमन अवॉर्ड भी प्रदान किया गया था।

अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी में भी लक्ष्य का प्रदर्शन लगातार प्रभावशाली रहा है। 2025-26 सत्र की वीनू मांकड़ ट्रॉफी में उन्होंने पांच मैचों में 308 रन बनाए। महज आठ वर्ष की उम्र से क्रिकेट खेल रहे लक्ष्य पिछले पांच वर्षों से हल्द्वानी स्थित जीएनजी क्रिकेट एरिना में कोच अभिषेक कुमार के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं।

भारतीय अंडर-19 टीम में उपकप्तान के रूप में चयन होने पर जीएनजी क्रिकेट एरिना में खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने खुशी मनाई तथा लक्ष्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह भी पढ़ें :  रामनगर : कोसी बैराज में बड़ा हादसा: नहाने गए दो दोस्तों की डूबने से मौत, परिवारों में मचा कोहराम
error: Content is protected !!