कैंची धाम में आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा में जुटी नैनीताल पुलिस
भवाली। बाबा नीम करौली महाराज के प्रसिद्ध श्री कैंची धाम स्थापना दिवस पर उमड़े श्रद्धालुओं के विशाल जनसैलाब के बीच नैनीताल पुलिस सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और जनसेवा की मिसाल पेश कर रही है। हजारों श्रद्धालुओं के आगमन के बावजूद पुलिस और प्रशासन की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ व्यवस्थाओं को संभाले हुए है, जिससे दर्शन व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं बुलेट से लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात संचालन और श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में पुलिस कर्मी सेवा भाव के साथ वृद्ध, दिव्यांग, असहाय और जरूरतमंद श्रद्धालुओं की हर संभव सहायता कर रहे हैं।
इसी क्रम में दृष्टिबाधित श्रद्धालु दिनेश श्रीवास्तव (टिंकू) निवासी घाटमपुर, रामपुर को नैनीताल पुलिस ने विशेष सहयोग प्रदान कर बाबा नीम करौली महाराज के दर्शन कराए। वहीं जंगलात बैरियर समेत विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस जवान वृद्ध श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देते हुए उन्हें शटल बसों में बैठाने और सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाने में मदद कर रहे हैं।
सुगम यातायात व्यवस्था, लगातार संचालित शटल सेवाओं और प्रभावी पुलिस प्रबंधन के चलते हजारों श्रद्धालु व्यवस्थित रूप से बाबा के दर्शन कर रहे हैं। लंबी कतारों के बावजूद श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार सक्रिय हैं।
नैनीताल पुलिस का कहना है कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षा, सम्मान और सुगमता के साथ दर्शन का लाभ मिले, यही उनकी प्राथमिकता है। “मानवता की सेवा सर्वोपरि” की भावना के साथ नैनीताल पुलिस श्रद्धालुओं की सेवा में निरंतर समर्पित है।


