ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

जूनियर असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर पदों के लिए 6 जुलाई तक कर सकेंगे आवेदन, स्नातक अभ्यर्थियों को मिलेगा अवसर

देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने राज्य में ग्रुप-सी के जूनियर असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर पदों पर सीधी भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी है। भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 398 रिक्त पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक एवं पात्र अभ्यर्थी 22 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 6 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। वहीं, आवेदन पत्र में संशोधन के लिए 8 से 10 जुलाई तक का अवसर दिया जाएगा।

भर्ती अभियान के तहत जूनियर असिस्टेंट (सिविल कोर्ट) के 230, जूनियर असिस्टेंट (फैमिली कोर्ट) के 29, स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/पर्सनल असिस्टेंट के 128 तथा स्टेनोग्राफर ग्रेड-1/पर्सनल असिस्टेंट (फैमिली कोर्ट) के 11 पदों पर भर्ती की जाएगी।

आयोग द्वारा निर्धारित आयु सीमा के अनुसार अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 21 वर्ष तथा अधिकतम आयु 35 वर्ष होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।

शैक्षणिक योग्यता के रूप में अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक होना आवश्यक है। साथ ही हिंदी भाषा का ज्ञान अनिवार्य होगा। जूनियर असिस्टेंट पदों के लिए कंप्यूटर का सामान्य ज्ञान और हिंदी टाइपिंग में न्यूनतम 25 शब्द प्रति मिनट की गति आवश्यक है। वहीं स्टेनोग्राफर पदों के लिए हिंदी शॉर्टहैंड में 80 शब्द प्रति मिनट तथा हिंदी टाइपिंग में कम से कम 25 शब्द प्रति मिनट की गति निर्धारित की गई है।

चयन प्रक्रिया के अंतर्गत 140 अंकों की लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें सामान्य ज्ञान एवं सामान्य अध्ययन से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे 30 मिनट होगी। इसके अतिरिक्त 60 अंकों की टाइपिंग एवं शॉर्टहैंड परीक्षा भी आयोजित की जाएगी।

आयोग ने योग्य अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन करने और भर्ती संबंधी विस्तृत जानकारी के लिए आधिकारिक अधिसूचना का अध्ययन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  रूद्रपुर में बर्फ फैक्ट्री से अमोनिया गैस रिसाव, एक श्रमिक की मौत; 27 लोग प्रभावित, फैक्ट्री सील
error: Content is protected !!