ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस बल को किया ब्रीफ, नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर रहेगी कड़ी नजर

हल्द्वानी। रविवार 21 जून को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 पुनर्परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। जनपद के हल्द्वानी, लालकुआं, बनभूलपुरा और मुखानी क्षेत्र में स्थित 11 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 4080 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने शनिवार शाम कोतवाली हल्द्वानी में परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की ब्रीफिंग करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने पर कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था के लिए मनोज कुमार कत्याल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। पूरे परीक्षा क्षेत्र को पांच जोन और 11 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। केंद्रों के भीतर और बाहर भारी पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, एलआईयू तथा सीएपीएफ जवान तैनात रहेंगे। प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन के लिए विशेष पुलिस एस्कॉर्ट की भी व्यवस्था की गई है।

परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों और परीक्षा स्टाफ की सघन जांच की जाएगी। डीएफएमडी, हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर और टॉर्च की मदद से ब्लूटूथ एवं सूक्ष्म ईयर डिवाइस की विशेष जांच होगी। महिला अभ्यर्थियों की तलाशी महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अलग एनक्लोजर में ली जाएगी।

मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन, लैपटॉप, टैबलेट, कैलकुलेटर समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सभी केंद्रों पर जैमर सिस्टम सक्रिय रहेगा तथा सीसीटीवी और बायोमेट्रिक सत्यापन के जरिए लगातार निगरानी की जाएगी।

नकल माफिया और सॉल्वर गैंग पर कार्रवाई के लिए एसओजी, साइबर सेल और एलआईयू को सक्रिय किया गया है। सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों की भी निगरानी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंधात्मक आदेश लागू रहेंगे तथा धरना-प्रदर्शन, लाउडस्पीकर और अन्य गतिविधियों पर रोक रहेगी।

पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस, होम-स्टे, साइबर कैफे और फोटोकॉपी केंद्रों की सघन जांच के भी निर्देश दिए हैं। वहीं अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस, सीपीयू और डायल-112 की टीमें भी पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहेंगी।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अभ्यर्थियों और अभिभावकों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें :  आज का राशिफल : 16 जून 2026
error: Content is protected !!