SSP मंजूनाथ टी.सी. ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, NEET परीक्षा केंद्रों का किया निरीक्षण
अफवाहबाजों से लेकर नकल माफिया तक पर नजर, NEET री-एग्जाम में पुलिस अलर्ट
हल्द्वानी/नैनीताल। NEET (UG) पुनर्परीक्षा 2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने रविवार को हल्द्वानी स्थित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटीरत पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसएसपी ने एमबीपीजी कॉलेज, खालसा नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, जीआईसी राजपुरा समेत अन्य परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और CAPF जवानों की तैनाती की गई थी। परीक्षार्थियों की DFMD और HHMD के माध्यम से सघन फ्रिस्किंग की गई तथा मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाई गई।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए एलआईयू, साइबर टीम और एसओजी को भी सक्रिय रखा गया। सभी केंद्रों पर CCTV कैमरों और वीडियो निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई, जबकि सुपर जोनल, जोनल और सेक्टर अधिकारी लगातार भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे।
इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अफवाह फैलाने वालों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर बनी रही।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।


