भीमताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के प्रयासों से खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल मोटर मार्ग निर्माण एवं लुगड़ पुल से पातीजाला मोटर मार्ग के डामरीकरण के लिए कुल 3 करोड़ 49 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
भीमताल ब्लॉक के खेरोला-खड़की-नौकुचियाताल क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा के अभाव में लोगों को दैनिक उपयोग का सामान मुख्य मार्ग तक लाने-ले जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। वहीं मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए घोड़ों अथवा कंधों का सहारा लेना पड़ता था। प्रस्तावित सड़क के निर्माण से खेरोला क्षेत्र का नौकुचियाताल से सीधा संपर्क स्थापित होगा तथा भीमताल के लिए एक वैकल्पिक बाईपास मार्ग भी विकसित होगा।
ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों की मांग पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री से इस सड़क के निर्माण की घोषणा कराई थी। इसके बाद राज्य योजना के अंतर्गत विभागीय अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। मंत्री के प्रयासों से खेरोला-खड़की मोटर मार्ग निर्माण के लिए 1 करोड़ 19 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है।
इसके अलावा ओखलकांडा ब्लॉक में लुगड़ पुल से चमोली गाजा-पातीजाला तक का मोटर मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में था, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। इस मार्ग के डामरीकरण के लिए 2 करोड़ 28 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दोनों कार्यों की टेंडर प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नए मोटर मार्गों के निर्माण का कार्य लगातार किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए उनकी प्राथमिकता के साथ कार्य जारी है।
उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया। वहीं क्षेत्रवासियों ने सड़क परियोजनाओं की स्वीकृति पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का धन्यवाद ज्ञापित किया।


