ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

रानीखेत। अल्मोड़ा जिले के विकासखंड ताड़ीखेत क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। चमड़खान के पास तितालीखेत क्षेत्र में एक फोर्ड एंडेवर (CH-01-CB-5868) गहरी खाई में गिर गई। हादसा 22 जून की रात का बताया जा रहा है, लेकिन सुनसान इलाका होने के कारण इसकी जानकारी अगले दिन 23 जून को मिल सकी।

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी के बिठौरिया नंबर-1 निवासी मदन जोशी पुत्र पूरन जोशी 22 जून की शाम करीब 5:30 बजे घर में किसी बात को लेकर हुई कहासुनी के बाद घर से निकल गए थे। रात करीब 10:15 बजे उनकी परिजनों से आखिरी बार फोन पर बात हुई, जिसके बाद उनका मोबाइल बंद हो गया।

सोमवार दोपहर तितालीखेत क्षेत्र से गुजर रहे एक राहगीर की नजर सड़क किनारे टूटे पैराफिट पर पड़ी। संदेह होने पर नीचे खाई में देखने पर एक दुर्घटनाग्रस्त वाहन दिखाई दिया, जिसके पास दो शव पड़े थे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

मृतकों में एक की पहचान मदन जोशी के रूप में हुई है, जबकि दूसरे मृतक की शिनाख्त समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मदन जोशी के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। वहीं, दूसरे मृतक की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच में जुटी हुई है।

मौके पर एसआई हेमा कार्की, एसआई कैलाश चंद्र, हेड कांस्टेबल राजकुमार, मनोज कुमार तथा होमगार्ड गंगा सिंह, प्रवीण कुमार, आनंद और ज्योति सहित पुलिस, एसडीआरएफ एवं राजस्व विभाग की टीम मौजूद रही।

यह भी पढ़ें :  सांसद अजय भट्ट के प्रयास रंग लाए, विजयपुर गांव को सड़क और कॉजवे निर्माण की सौगात
error: Content is protected !!