ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। रामपुर रोड हाईवे पर पिछले दो माह से चल रहे पेयजल पाइपलाइन कार्य के बाद सड़क की मरम्मत न होने से क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा।

समाजसेवी विशाल वर्मा और पूर्व पार्षद प्रत्याशी अंजलि वर्मा के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने जल निगम, प्रशासन और संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर जल्द सड़क दुरुस्त करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान अंजलि वर्मा ने कहा कि रामपुर रोड पर पानी की टंकी से लेकर गली नंबर-9 के सामने तक जल निगम द्वारा पाइपलाइन डालने का कार्य लगभग दो माह पहले पूरा कर लिया गया था, लेकिन इसके बाद भी सड़क पर बने गड्ढों को नहीं भरा गया। इससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क खोदे जाने के कारण रामपुर रोड पर घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे न केवल स्थानीय लोग बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटक भी परेशान हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क पर उड़ रही धूल-मिट्टी से क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। जाम, गड्ढों और धूल के कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो गया है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं।

समाजसेवी विशाल वर्मा ने कहा कि जल निगम ने पाइपलाइन बिछाने के नाम पर रामपुर रोड हाईवे को पूरी तरह खोद दिया, लेकिन मरम्मत के नाम पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि पिछले दो माह से सड़क पर बने गहरे और जानलेवा गड्ढों के कारण कई हादसे हो चुके हैं। यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो कोई बड़ा हादसा भी हो सकता है।

विशाल वर्मा ने प्रशासन और ठेकेदारों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि शहर में पहले भी गड्ढों के कारण कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी गंभीर नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है।

अंजलि वर्मा ने यह भी कहा कि रामपुर रोड शहर का बेहद महत्वपूर्ण मार्ग है और इसी रास्ते से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक सुमित हृदयेश, सांसद अजय भट्ट समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की दुर्दशा पर ध्यान न दिया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की कि रामपुर रोड हाईवे को तत्काल गड्ढामुक्त कर सड़क की मरम्मत कराई जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्र की माताएं, बहनें, बुजुर्ग और युवा मिलकर बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे।

प्रदर्शन में विशाल वर्मा, अंजलि वर्मा, शिवम वर्मा, संजीव, अतुल राजपाल, वीरेंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें :  गौला-नंधौर ने भरी सरकारी तिजोरी, ₹227 करोड़ राजस्व के साथ खनन सत्र समाप्त,लक्ष्य पूरा होते ही बंद हुए खनन गेट, हजारों मजदूरों की घर वापसी शुरू
error: Content is protected !!