ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

हल्द्वानी। प्लास्टिक प्रदूषण पर रोक लगाने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में हल्द्वानी-काठगोदाम नगर निगम के तहत एक सराहनीय पहल सामने आई है।

दीनदयाल अंत्योदय योजना-राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत ‘नारी शक्ति स्वायत्त सहकारिता समूह’ की महिलाएं पर्यावरण संरक्षण की मिसाल बन रही हैं।

समूह की अध्यक्षा कमला परगाईं के नेतृत्व में यह संगठन न केवल प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चला रहा है, बल्कि जूट आधारित उत्पाद तैयार कर महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा कर रहा है।

500 घरों तक पहुंचा ‘सोर्स सेग्रीगेशन’ अभियान

समूह की अध्यक्षा कमला परगाईं ने बताया कि प्लास्टिक की थैलियों में कूड़ा भरकर गांठ लगाकर फेंकने की आदत पर्यावरण के लिए बेहद घातक है। इस समस्या को खत्म करने के लिए समूह ने विशेष टीम बनाई है, जो अब तक करीब 500 घरों में जाकर लोगों को ‘सोर्स सेग्रीगेशन’ यानी घर से ही गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने के लिए जागरूक कर चुकी है।

महिलाएं लोगों को समझा रही हैं कि—

गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालें

प्लास्टिक की थैली में कूड़ा बांधकर न फेंकें

बाजार जाते समय प्लास्टिक बैग की जगह जूट के बैग का उपयोग करें

प्लास्टिक से पर्यावरण और स्वास्थ्य दोनों पर खतरा

समूह की महिलाओं का कहना है कि इधर-उधर फेंका गया प्लास्टिक नालियों और नहरों को चोक कर देता है, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती है। सबसे गंभीर बात यह है कि बेसहारा गौवंश इस प्लास्टिक को खा लेता है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। यही नहीं, प्लास्टिक कचरे से फैलने वाला प्रदूषण हवा के जरिए लोगों के फेफड़ों तक पहुंच रहा है, जो स्वास्थ्य के लिए खतरनाक है।

जूट से तैयार हो रहे अनोखे विकल्प

प्लास्टिक के इस्तेमाल को कम करने के लिए समूह ने जूट के कई आकर्षक और उपयोगी विकल्प तैयार किए हैं।

शादियों के लिए जूट के इनविटेशन कार्ड

मंदिर, होटल और किचन के लिए जूट की चप्पलें

जूट के बैग और अन्य उपयोगी उत्पाद

इसके साथ ही समूह की महिलाएं शहर में गंदी दीवारों की सफाई और स्वच्छता अभियान में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

महिलाएं बन रहीं बदलाव की मिसाल

कमला परगाईं के नेतृत्व में शहर की कई महिलाएं इस अभियान को जमीन पर उतारने में लगातार जुटी हैं।

पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता को साथ लेकर चल रही ये महिलाएं अब समाज में बदलाव की नई इबारत लिख रही हैं।

यह भी पढ़ें :  नैनीताल : पॉलीटेक्निक चुंगी मार्ग के भू-धंसाव के स्थायी समाधान की मांग, नागरिक शिष्टमंडल ने आयुक्त दीपक रावत को सौंपा ज्ञापन
error: Content is protected !!