मोहर्रम और वीवीआईपी कार्यक्रमों को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की
हल्द्वानी। मोहर्रम पर्व, वीवीआईपी भ्रमण कार्यक्रमों तथा उच्चस्तरीय न्यायिक गणमान्य अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में 25 जून 2026 को हल्द्वानी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में व्यापक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में 26 जून 2026 को आयोजित होने वाले मोहर्रम पर्व के साथ ही 26 से 29 जून 2026 तक माननीय मुख्य न्यायाधीश, उच्च न्यायालय उत्तराखंड की सुपुत्री के विवाह समारोह में शामिल होने वाले माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं विभिन्न उच्च न्यायालयों के न्यायमूर्तिगण की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष फोकस किया गया। साथ ही संभावित मुख्यमंत्री उत्तराखंड और राज्यपाल उत्तराखंड के भ्रमण कार्यक्रमों को देखते हुए भी सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने निर्देश दिए कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले सभी जुलूसों एवं ताजिया मार्गों पर प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और आयोजकों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जाए। वीवीआईपी एवं न्यायमूर्तिगण के आवागमन मार्गों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध किए जाएं तथा तय रूट और ड्यूटी प्लान का सख्ती से पालन हो। उन्होंने कहा कि नैनीताल और हल्द्वानी कंट्रोल रूम पूरी अवधि के दौरान सक्रिय रहेंगे और सभी अधिकारी लगातार संपर्क में रहेंगे।
बैठक में कार्यक्रम स्थलों, संवेदनशील क्षेत्रों, होटलों, गेस्ट हाउसों और ठहरने के स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने कहा कि समस्त थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें और किसी भी सूचना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करें। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए डायवर्जन, पार्किंग और रूट प्रबंधन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, फायर सर्विस, एलआईयू और अन्य संबंधित इकाइयों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भी विशेष निगरानी रखने को कहा गया, ताकि साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली भ्रामक, भड़काऊ या आपत्तिजनक पोस्ट करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ क्लीन स्वीप अभियान के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सके।
एसएसपी ने मोहर्रम के दौरान रात्रि 11 बजे से प्रातः 3 बजे तक नाइट अधिकारी, जोनल अधिकारी एवं चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। वहीं प्रातः 5 बजे से 6 बजे तक नाइट अधिकारी और जोनल अधिकारी तथा सुबह 6 बजे से 7 बजे तक संबंधित थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी स्वयं भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लेंगे। जुलूसों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों का भी उपयोग किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि सिटी कंट्रोल रूम में पर्याप्त पुलिस कर्मियों की तैनाती रहेगी और जुलूसों तथा संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करते हुए सभी महत्वपूर्ण सूचनाएं तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी। मल्लीताल, भीमताल, बनभूलपुरा, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर और हल्द्वानी समेत सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष पुलिस व्यवस्था लागू रहेगी।
बैठक में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से क्षेत्राधिकारी नैनीताल, क्षेत्राधिकारी भवाली, अग्निशमन अधिकारी रामनगर, अग्निशमन अधिकारी नैनीताल, थाना हल्द्वानी एवं बनभूलपुरा को छोड़कर जनपद के समस्त थाना प्रभारी, यातायात निरीक्षक रामनगर, यातायात निरीक्षक नैनीताल तथा प्रतिसार निरीक्षक (रेडियो) शामिल हुए। वहीं भौतिक रूप से पुलिस अधीक्षक नैनीताल, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी, पुलिस अधीक्षक संचार नैनीताल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी, पुलिस उपाधीक्षक विमल प्रसाद, क्षेत्राधिकारी विनय सिंह, प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, अग्निशमन अधिकारी हल्द्वानी, निरीक्षक एलआईयू, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन नैनीताल, आशुलिपिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, वाचक, एसआईएमटी तथा पीआरओ उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।


