ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

नैनीताल। लोक भवन नैनीताल में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर का उद्देश्य नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से विभिन्न बीमारियों की समय रहते पहचान करना और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

इस दौरान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं तथा स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

उन्होंने शिविर में मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की अपील की।

शिविर में बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लगभग 150 स्वास्थ्य जांचें की गईं, जबकि 15 ईसीजी परीक्षण भी किए गए। प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन भी दिया गया।

स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ. अभिषेक गुप्ता, जनरल सर्जन डॉ. शादन अली, नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. दीपिका लोहानी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रियांशु तथा मनोचिकित्सक डॉ. गरिमा ने विभिन्न रोगों से संबंधित परीक्षण और विशेषज्ञ परामर्श प्रदान किए।

इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और समय पर चिकित्सकीय परामर्श गंभीर बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि लोक भवन परिवार के प्रत्येक सदस्य का उत्तम स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकताओं में है और इसी उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के उत्कृष्ट सेवा देने वाले 7 चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया और शिविर में सेवाएं देने वाले सभी चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों के प्रति आभार जताते हुए उनकी समर्पण भावना की सराहना की।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी : एचओडी मोर्चरी के बदले नियमों से पुलिसकर्मियों की बढ़ीं मुश्किलें, घंटों खड़े होकर भरना पड़ रहा पंचनामा
error: Content is protected !!