ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

टिब्बा इलाके में नजदीक से मारी गई गोली, आरोपी फरार; पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटीं

उधम सिंह नगर। रुद्रपुर में पुरानी रंजिश एक बार फिर खूनी वारदात में बदल गई। गुरुवार शाम लालपुर चौकी क्षेत्र के टिब्बा इलाके में 17 वर्षीय विक्रांत बागी को कथित तौर पर नजदीक से गोली मार दी गई।

गंभीर हालत में उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया। देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विक्रांत का किच्छा के सैजनी गांव निवासी एक युवक से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से फायर कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

युवक की मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। स्थिति को देखते हुए अस्पताल परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

यह भी पढ़ें :  राज्यपाल ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी
error: Content is protected !!