ब्रेकिंग न्यूज़
खबर शेयर करे -

कर्णप्रयाग-नगरासू गुरुद्वारा विवाद पर बनी सहमति, देहरादून-ऋषिकेश में सामान्य हुआ जनजीवन

देहरादून। कर्णप्रयाग और नगरासू गुरुद्वारा विवाद को लेकर पिछले कुछ समय से बना तनाव आखिरकार समाप्त हो गया। पंजाब और हिमाचल प्रदेश से उत्तराखंड की ओर कूच कर रहे निहंग सिखों और प्रशासन के बीच रातभर चली मैराथन वार्ता के बाद सहमति बन गई।

शुक्रवार सुबह करीब 3:30 बजे निहंग सिख शांतिपूर्वक पांवटा साहिब लौटने पर राजी हो गए, जिससे संभावित टकराव टल गया और देहरादून व ऋषिकेश में जनजीवन सामान्य हो गया।

विवाद की शुरुआत कर्णप्रयाग और नगरासू गुरुद्वारों से जुड़े एक पुराने मामले में चार निहंग सिखों की गिरफ्तारी के बाद हुई थी। अपने साथियों की रिहाई और जमानत की मांग को लेकर निहंग सिखों ने 25 जून को उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था।

हिमाचल-उत्तराखंड सीमा स्थित कुल्हाल चेक पोस्ट पर एकत्र हुए जत्थे की प्रशासन से शुरुआती बातचीत बेनतीजा रही, जिसके बाद कुछ निहंग आगे बढ़ गए।

करीब 50 निहंग दोपहिया वाहनों से देहरादून की ओर पहुंचे, जबकि अधिकांश पांवटा साहिब लौट गए। सुरक्षा के मद्देनजर देहरादून पुलिस ने प्रेमनगर, जोगीवाला और अन्य सीमावर्ती क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग की। इससे देहरादून-ऋषिकेश हाईवे पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने जोगीवाला के पास ही जत्थे को रोक लिया।

इसके बाद निहंग सिखों को रेस कोर्स स्थित गुरुद्वारे में ठहराया गया, जहां जिला प्रशासन, पुलिस अधिकारियों और सिख समाज के प्रतिनिधियों के बीच पूरी रात वार्ता चली। आखिरकार दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई और निहंग सिख वापस लौटने पर राजी हो गए।

मध्यस्थ की भूमिका निभाने वाले सिख समाज के प्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता अमरजीत सिंह ने कहा कि निहंग सिखों का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बिगाड़ना नहीं, बल्कि अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि यह देवभूमि के लोगों और सिख समाज के बीच का विवाद नहीं, बल्कि गलतफहमियों के कारण उत्पन्न स्थिति थी।

वहीं, जिलाधिकारी आशीष चौहान और एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि पूरे घटनाक्रम को शांति और संयम के साथ संभाला गया। वर्तमान में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और सुरक्षा के लिए लगाए गए सभी अस्थायी प्रतिबंध हटा दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें :  हल्द्वानी में जूता शोरूम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख; फायर टीम ने बड़ी दुर्घटना टाली
error: Content is protected !!