सोशल मीडिया पर एक कमेंट पर सीधा मर्डर! उत्तराखंड में बदमाशों ने विक्रांत के सीने में उतार दीं 3 गोलियां
रुद्रपुर/किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले में सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी ने खूनी गैंगवार का रूप ले लिया। लालपुर क्षेत्र में बदमाशों ने एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें तीन गोलियां लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नेपाल भागने की फिराक में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अस्पताल में उपचाराधीन है।
जानकारी के अनुसार, रुद्रपुर निवासी विक्रांत अपने दोस्तों के साथ लालपुर में एक परिचित के घर दावत में शामिल होने गया था। लौटते समय पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। फायरिंग में विक्रांत को तीन गोलियां लगीं। उसे पहले निजी अस्पताल और बाद में हल्द्वानी रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के परिजनों ने गट्टी, सिप्पी, विपिन और बंटी ठाकुर समेत कई लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। मृतक की मां कंचन की तहरीर पर थाना किच्छा में छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि महराया लालपुर रोड पर 6-7 युवकों ने विक्रांत पर फायरिंग की थी। पुलिस ने धाधा फार्म क्षेत्र से नेपाल भागने की कोशिश कर रहे वरुण कुमार और सुशील को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि वारदात सोशल मीडिया पर हुई बयानबाजी और पुरानी आपसी रंजिश के चलते अंजाम दी गई।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बंटी ठाकुर घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


